बागेश्वर/काफलीगैर:
जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज असों में शिक्षकों और प्रशासनिक पदों की भारी कमी को लेकर ग्रामीणों में चिंता गहराती जा रही है। इस संबंध में ग्राम प्रधान संदीप असवाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, यह विद्यालय क्षेत्र के चार गांवों का एकमात्र शिक्षण केंद्र है, जहां वर्तमान में 201 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बावजूद इसके, विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी के कारण पठन-पाठन व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंटर स्तर पर स्वीकृत 9 प्रवक्ता पदों के सापेक्ष केवल 1 ही शिक्षक तैनात है, जबकि 8 पद रिक्त चल रहे हैं। वहीं एलटी संवर्ग में भी स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई महत्वपूर्ण विषय जैसे संस्कृत, भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान और इतिहास के लिए न तो स्थायी शिक्षक हैं और न ही अतिथि शिक्षक उपलब्ध हैं। इसके अलावा विद्यालय का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद, प्रधानाचार्य, वर्ष 2019 से रिक्त पड़ा है, जिससे विद्यालय का संचालन और प्रबंधन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। कनिष्ठ सहायक का पद भी खाली बताया गया है। ग्राम प्रधान ने अपने ज्ञापन में कहा है कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और शिक्षा का अधिकार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र स्थायी अथवा अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यालय की स्थिति में सुधार किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।








