बागेश्वर। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद में 23 अक्टूबर से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू होगी। एफएलसी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को कोषागार के समीप स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एफएलसी केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, उचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई जाए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
पारदर्शिता के लिए राजनीतिक दलों को दी जाएगी सूचना
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को एफएलसी कार्यक्रम की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और आवश्यक समन्वय के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं। साथ ही एफएलसी केंद्र में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने और एफएलसी के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, सहायक निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







