logo

डबल इंजन में विकास की रफ्तार हुई दुगनी : मथुरा दत्त जोशी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के चलते विकास की रफ्तार दोगुनी हुई है और पीएम नरेंद्र मोदी का ‘विकसित भारत स्वप्न’ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में तेजी से साकार हो रहा है। भाजपा पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए जोशी ने कहा कि मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि लोग समझ सकें कि राज्य में विकास अब जमीन पर दिख रहा है। कर्णप्रयाग तक रेल लाइन पहुँचने से पहाड़ के लाखों लोगों को राहत मिलेगी और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। उत्तराखंड में लाइफलाइन बन रही यह परियोजना हिमालयी क्षेत्र को देश से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। ऊर्जा क्षेत्र में भी राज्य ने पिछले वर्षों में उत्कृष्ट कार्य किया है। लंपी सॉन्ग, लखवाड़, जमराड़ी जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है, जिससे हर घर तक ऊर्जा पहुँचाने का लक्ष्य सुनिश्चित हुआ है। प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने लाखों किसानों को आर्थिक राहत दी है। फसल बीमा योजना के तहत प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई कर किसानों को सुरक्षा दी जा रही है। ग्रामीण सड़क योजना ने दुर्गम इलाकों में सड़क नेटवर्क पहुंचा कर शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को गति दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हजारों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। वहीं आयुष्मान भारत योजना के विस्तार से लाखों गरीब परिवारों को निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाओं ने कुपोषण में कमी लाई है, जबकि उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएँ से राहत मिली है।

Share on whatsapp