कार रोककर युवक से मारपीट, गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का आरोप
कपकोट। केदारेश्वर मैदान के पास कार रोककर युवक से मारपीट, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास और धमकी देने का मामला सामने आया है। पवन सिंह गढ़िया की तहरीर पर कपकोट पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना 29 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। पवन सिंह गढ़िया ने तहरीर में आरोप लगाया कि वह कार से घर लौट रहा था। केदारेश्वर मैदान के पास मुकुल शाही, दक्ष शाही, हिमांशु शाही समेत अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने उसकी कार रोककर उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
तहरीर के अनुसार, पवन ने मौके से बचकर निकलने का प्रयास किया तो गोविन्द कपकोटी और हरीश मेहरा ने उसे रोकने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं बबली बघरी पर भी पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया गया है। बाद में पवन के साथी मौके पर पहुंचे और उसे वहां से अलग किया।
पवन ने अपनी कार को भी नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगाया है। तहरीर में पूर्व में धमकी दिए जाने और पीछा किए जाने की बात भी कही गई है। मामले में पवन के साथी काली गढ़िया के साथ मारपीट का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकुल शाही, दक्ष शाही, हिमांशु शाही, गोविन्द कपकोटी, हरीश मेहरा और बबली बघरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126, 131, 324(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विवेक चंद्र को सौंपी गई है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है।







