बागेश्वर। फुलवाड़ी-फूलचौरा-खाईधार-थलीधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले 25 दिनों से चल रहे आंदोलन को संघर्ष वाहिनी बागेश्वर ने समर्थन दिया। संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और संघर्ष समिति की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
इस दौरान कवि जोशी ने कहा कि सात गांवों को जोड़ने वाली सड़क क्षेत्रवासियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग किए जाने के बावजूद धरातल पर कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से ग्रामीणों की मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी लाभ मिलेगा। संघर्ष वाहिनी ग्रामीणों की जायज मांग के लिए उनके साथ खड़ी है।
इस दौरान संघर्ष वाहिनी के जिला संरक्षक रमेश कृषक, जिला प्रवक्ता अंकुर उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष रिजवान खान, संस्कार भारती तथा जिला महामंत्री नवनीत बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








