बागेश्वर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी की पवित्र मिट्टी लेकर कलश यात्रा बागेश्वर पहुंची। यात्रा का राधा-कृष्ण मंदिर से शुभारंभ हुआ, जिसके बाद कलश यात्रा नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए सरयू-गोमती संगम स्थित बाबा बागनाथ मंदिर पहुंची।
कलश यात्रा का शुभारंभ बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूरे देश में समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वाराणसी की पवित्र मिट्टी लेकर कलश यात्रा बागेश्वर पहुंची है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देते हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू हुई यात्रा नगर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए बाबा बागनाथ मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यात्रा संयोजक संजय परिहार ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी को लेकर यह यात्रा विभिन्न स्थानों से होते हुए बागेश्वर पहुंची है। उन्होंने लोगों से अभियान से जुड़कर सामाजिक एकता, सद्भाव और समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट,विधायक सुरेश गढ़िया,दीपक जोशी, भगवती देवी, कमल परिहार,विवेक तिवारी, आदर्श सिंह कथायत ने बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








