logo

सड़क निर्माण बना मुसीबत, बारिश में धंसने लगा पैदल मार्ग

खबर शेयर करें -

नदीगांव में हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने लगाई गुहार

बागेश्वर : नदीगांव सैम मंदिर वार्ड में नदी किनारे बन रही सड़क का निर्माण कार्य अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे नदीगांव का मुख्य पैदल मार्ग एक ओर से बुरी तरह ध्वस्त होने लगा है। मिट्टी के भारी कटाव के कारण मार्ग का एक बड़ा हिस्सा खिसक रहा है और इसके कभी भी पूरी तरह जमींदोज होने की आशंका जताई जा रही है। यह रास्ता स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का मुख्य साधन है, ऐसे में किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि धंसने से आसपास स्थित मकानों पर भी खतरा पैदा हो गया है। बारिश के कारण जमीन कमजोर होती जा रही है, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। स्थानीय निवासी अभिलाष साह ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग को पहले ही इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए और मार्ग की मरम्मत नहीं हुई, तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए सुरक्षा दीवार के निर्माण, मार्ग की मरम्मत और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने की अपील की है।

Share on whatsapp