–
बागेश्वर। जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का भुगतान लंबे समय से लंबित होने से नाराज ठेकेदारों ने जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। सिविल कॉन्ट्रेक्टर्स सोसायटी के अध्यक्ष गंगा सिंह कोरंगा के नेतृत्व में ठेकेदारों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग की। ठेकेदारों का कहना है कि जिले में जल जीवन मिशन के तहत जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग कपकोट की ओर से विभिन्न पेयजल योजनाओं का निर्माण कराया गया। कई योजनाओं के निर्माण, मूल्यांकन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन वर्ष 2023-24 से भुगतान लंबित है। उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने से मजदूरों की मजदूरी और निर्माण सामग्री का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। इससे ठेकेदार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कई कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ठेकेदारों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं पेयजल मंत्री को ज्ञापन भेजकर एक सप्ताह के भीतर लंबित भुगतान कराने की मांग की। चेतावनी दी कि समय पर भुगतान नहीं हुआ तो आमरण अनशन, आंदोलन और न्यायालय की शरण लेने को मजबूर होंगे। इस दौरान अमर सिंह बिष्ट,राजेंद्र नगरकोटी,हरीश चंद्र सिंह शाही,हरीश चंद्र चंदोला,पान सिंह,प्रताप सिंह, केदार सिंह आदि मौजूद रहे।








