logo

रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण के विरोध में कपकोट में कांग्रेस ने थानाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

कपकोट। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित तौर पर मैदान का शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कपकोट और नगर कांग्रेस कमेटी कपकोट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष कपकोट को ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि विगत 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस कार्यक्रम के बाद कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से मैदान का शुद्धिकरण किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने वाली है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मामला केवल मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान से जुड़ा नहीं है, बल्कि उस मानसिकता का सवाल है जो समाज में जाति के आधार पर भेदभाव को बनाए रखने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि देश का संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है, ऐसे में सार्वजनिक स्थान के कथित शुद्धिकरण जैसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है और सामाजिक एकता प्रभावित होती है। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कपकोट अध्यक्ष दीपक गड़िया, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रकाश कांडपाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, अधिवक्ता चामू सिंह देवली, पूर्व सभासद प्रवीन ऐठानी, महेश कपकोटी, दर्शन दानू और इंदर ऐठानी समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share on whatsapp