logo

28 करोड़ के डीएमएफ फंड में घोटाले का आरोप,कांग्रेस ने जिला कार्यालय में आज भी दिया धरना

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के करीब 28 करोड़ रुपये के फंड में कथित अनियमितता और घोटाले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएमएफ फंड के उपयोग से जुड़े अभिलेखों की जांच कर पूरे मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि डीएमएफ की धनराशि खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए निर्धारित है। ऐसे में करीब 28 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बसंत कुमार ने कहा कि डीएमएफ से संबंधित प्रस्तावों, वार्षिक कार्ययोजना, बजट, स्वीकृत कार्यों और खर्च से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि फंड के उपयोग में अनियमितताएं हुई हैं और जांच के नाम पर किसी भी स्तर पर लीपापोती नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएमएफ की धनराशि के खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करने और सभी संबंधित अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर जनता के धन और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास से जुड़ा है। इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करनी चाहिए, ताकि डीएमएफ फंड के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब जनता के सामने आ सके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक 28 करोड़ रुपये के डीएमएफ फंड के उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित घोटाले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष कांग्रेस अर्जुन भट्ट,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,नरेंद्र कोरंगा,दिनेश कुमार,सुरेश खेतवाल आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp