बागेश्वर। कौसानी क्षेत्र में दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां से मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को मृतका के पिता ने कोतवाली कौसानी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उनकी बेटी का विवाह अमित सिंह सजवाण पुत्र लाल सिंह सजवाण, निवासी भोजगण लौबाज, कोतवाली कौसानी के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने अपनी जान दे दी।
मामले में कोतवाली कौसानी में एफआईआर संख्या 04/2026 के तहत धारा 80(2), 85 बीएनएस और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय लाल साह को सौंपी गई।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान घटना से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सोमवार को कोतवाली कौसानी पुलिस ने मृतका के पति अमित सिंह सजवाण को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।








