logo

स्पेशल कंपोनेंट प्लान की अनदेखी पर भड़का जनाक्रोश, सड़क निर्माण में देरी पर आंदोलन की चेतावनी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर/कपकोट:
हितंगाड़–भैसड़ी कुटीर–नरगड़ा मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी को लेकर क्षेत्र में नाराजगी तेज होती जा रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत आने वाली ग्राम सभाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे स्थानीय जनता में आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जैसे बुनियादी कार्यों में देरी से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि यह योजना विशेष रूप से पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए बनाई गई है। इसके बावजूद संबंधित गांवों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर आज जिला पंचायत सदस्य सुंदर सिंह गढ़िया, भैसड़ी कुटीर एवं नरगड़ा के ग्राम प्रधानों और पूर्व प्रधान प्रतिनिधि तारा राठौर के साथ मिलकर उपजिलाधिकारी कपकोट को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में हितंगाड़–भैसड़ी कुटीर–नरगड़ा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने और स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत हो रहे कथित भेदभाव को समाप्त करने की मांग की गई।
हरीश ऐठानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है और वे अब निर्णायक कदम उठाने के मूड में हैं।

Share on whatsapp