logo

फुलवारी-फुलाचौरा सड़क आंदोलन 57वें दिन भी जारी, सरकार और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर हरीश ऐठानी ने उठाए सवाल

खबर शेयर करें -

कपकोट। फुलवारी–फुलाचौरा–खाईधार–थलीधार मोटर मार्ग की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का आंदोलन 57वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर पहुंचे पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी ने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
हरीश ऐठानी ने कहा कि क्षेत्रवासी पिछले 57 दिनों से सड़क की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे जनप्रतिनिधियों को आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुननी चाहिए और समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फुलवारी–फुलाचौरा–खाईधार–थलीधार मोटर मार्ग पूरे क्षेत्र की जरूरत है। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के साथ आपदा और बरसात के दौरान भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मरीजों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और किसानों के लिए सड़क का निर्माण बेहद जरूरी है।
ऐठानी ने सरकार से सवाल किया कि जब ग्रामीण 57 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं तो सरकार और उसके जनप्रतिनिधि आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उनसे संवाद क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांग और समस्या को समझना चाहिए।
पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ने मांग की कि सरकार तत्काल आंदोलनकारियों से वार्ता करे और सड़क निर्माण को लेकर स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्ययोजना जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि जनता की मांग को लंबे समय तक नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वस्त किया कि सड़क की मांग को लेकर चल रहे संघर्ष में वह उनके साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।

Share on whatsapp