बागेश्वर। कपकोट विकासखंड में सोमवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में नव-निर्वाचित उपग्राम प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। समारोह में सहायक खंड विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र लोहमी ने सभी उपग्राम प्रधानों को शपथ दिलाते हुए उन्हें निष्पक्षता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करने का संकल्प दिलाया।
शपथ ग्रहण के बाद नव-निर्वाचित उपग्राम प्रधानों ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे गांवों के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक विकास अधिकारी स्वरूप सिंह चौड़िया ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि गांवों के विकास में उपग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए गांवों के चहुंमुखी विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में ब्लॉक प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और नव-निर्वाचित उपग्राम प्रधानों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।








