logo

काफलीगैर में खुलेगा नवीन राजकीय महाविद्यालय, 18 पदों को शासन की मंजूरी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के काफलीगैर क्षेत्र को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में नवीन राजकीय महाविद्यालय की स्थापना और उसके संचालन के लिए 18 पदों के सृजन को शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन के उच्च शिक्षा की ओर से जारी आदेश के तहत महाविद्यालय में 13 नियमित और पांच आउटसोर्स पद स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत पदों में प्राचार्य का एक पद तथा हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र और संस्कृत विषयों में सात सहायक प्राध्यापक शामिल हैं। इसके अलावा सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक और पुस्तकालय लिपिक समेत अन्य नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं। पांच आउटसोर्स पदों में बुक लिफ्टर, अनुसेवक तथा स्वच्छक/चौकीदार के पद शामिल हैं। महाविद्यालय की स्थापना से काफलीगैर और आसपास के क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध होंगे। क्षेत्र में लंबे समय से महाविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने शासन की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। विधायक पार्वती दास ने कहा कि काफलीगैर में नवीन राजकीय महाविद्यालय और 18 पदों की स्वीकृति क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे काफलीगैर समेत आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना लंबे समय से चली आ रही शैक्षिक आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने क्षेत्र की जनता और छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय की स्वीकृति पर शुभकामनाएं भी दीं।

Share on whatsapp