बागेश्वर। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट और जिला पत्रकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में टीआरसी परिसर में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रागों के साथ उत्सव मनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के अध्यक्ष शंकर पांडे और जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष दीपक पाठक ने एक-दूसरे को रंग लगाकर की। इसके बाद होली गीतों और ढोलक की थाप पर माहौल पूरी तरह रंगमय हो गया। होल्यार राजेंद्र उपाध्याय और वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम जोशी, महिप जोशी ने रागों की होली प्रस्तुत कर समां बांध दिया। पत्रकारों ने पारंपरिक होली गीतों पर ठुमके लगाए और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान संजय साह जगाती, रोहिणी जोशी, लता प्रसाद, हिमांशु गढ़िया, सुरेश पांडे, जगदीश उपाध्याय सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम देर तक हंसी-ठिठोली और रंगों की फुहारों के बीच चलता रहा।








