बागेश्वर। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कराला पालड़ी में सोमवार को बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन भी किए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को स्वरोजगार, कृषि एवं बागवानी, पशुपालन तथा पूर्व सैनिकों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक पार्वती दास ने कहा कि इस तरह के बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याओं को शिविर में अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके। जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। स्थानीय निवासीयो ने कहा कि गांव में इस तरह के शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। एक ही स्थान पर कई विभागों के अधिकारियों से संपर्क होने से लोगों को योजनाओं और समस्याओं के समाधान की जानकारी मिलती है। शिविर में उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्य,उमा बिष्ट,रवि करायत,हरीश जनौटी,बीडीओ आलोक भंडारी,वन रेंजर श्याम सिंह करायत आदि मौजूद रहे







