बागेश्वर। बागनाथ वार्ड निवासी स्वर्गीय धीरेंद्र परिहार हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर उनकी मां नंदी परिहार ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब तक हुई पुलिस कार्रवाई से परिवार संतुष्ट और आश्वस्त नहीं है। घटना में दो से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए उन्होंने सभी संभावित आरोपियों और सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच करने की मांग उठाई है।
जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में नंदी परिहार ने कहा कि अब तक केवल दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है, जबकि घटना की परिस्थितियों और उपलब्ध तथ्यों को देखते हुए इसमें अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका है। उन्होंने विशेष रूप से गिरफ्तार महिला के अंतिम कॉल डिटेल रिकॉर्ड से संबंधित मोबाइल फोन की बरामदगी न होने का मुद्दा उठाया। कहा कि यह मोबाइल फोन विवेचना के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है। इसलिए इसे तत्काल बरामद कर डिजिटल साक्ष्यों की प्रभावी जांच की जाए।
उन्होंने हत्याकांड की विवेचना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष समीक्षा कराने, अन्य संभावित अभियुक्तों और सहयोगियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने तथा महत्वपूर्ण तथ्यों का जल्द खुलासा करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ित परिवार को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
पत्र में पुलिस प्रशासन से अब तक की गई कार्रवाई, विवेचना में शेष बिंदुओं और आगे की कार्ययोजना के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
नंदी परिहार ने स्पष्ट किया कि परिवार किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करने या किसी के खिलाफ पूर्वाग्रह से कार्रवाई करने की मांग नहीं कर रहा है। उनकी मांग केवल इतनी है कि उनके पुत्र की हत्या में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की निष्पक्ष जांच के माध्यम से पहचान हो और दोषियों को कठोर कानूनी सजा मिले।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि एक मां अपने पुत्र को वापस नहीं पा सकती, लेकिन उसे यह विश्वास जरूर मिलना चाहिए कि उसके बेटे को न्याय मिलेगा और उसका परिवार भयमुक्त वातावरण में सुरक्षित रह सकेगा।
इस मौके पर मृतक की बहन दीक्षा परिहार, नीमा, नीता शाह, बबीता कुंवर, जानकी परिहार, आरती कुंवर, अंकुर उपाध्याय, अनुज शाह, राहुल शाह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।







