बागेश्वर/कपकोट। फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-थलीधार-खाईंधार सड़क निर्माण की मांग को लेकर सड़क संघर्ष समिति का सांकेतिक क्रमिक अनशन शनिवार को 16वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन स्थल पर आज पूर्व कैप्टन मेहरवान सिंह दानू (70) और पूर्व सैनिक चंचल सिंह दानू (66) सांकेतिक अनशन पर बैठे।
आंदोलन के बीच पीएमजीएसवाई के दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उनके साथ कपकोट तहसीलदार, पीएमजीएसवाई और लोनिवि के अभियंता भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के साथ करीब तीन घंटे तक वार्ता की। काफी समझाने और मान-मनौव्वल के बावजूद वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका और समिति ने आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2006 से सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक आश्वासन ही मिलते रहे हैं। समिति का आरोप है कि लंबे समय से जनता और जनप्रतिनिधियों को आश्वासनों के नाम पर छला गया है। यही वजह है कि इस बार ग्रामीण किसी आश्वासन पर आंदोलन समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं।
समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क निर्माण की स्वीकृति का शासनादेश जारी करने के साथ टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का आदेश आंदोलनकारियों को नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
21 अगस्त को जिलाधिकारी कार्यालय तक रैली
संघर्ष समिति ने 21 अगस्त को जिलाधिकारी कार्यालय तक प्रस्तावित रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। समिति अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू ने कहा कि रैली में ढोल-दमाऊं, तुरही, नरसिंघा, भौंकर और झांझर जैसे पारंपरिक कुमाऊंनी वाद्य यंत्रों के साथ ग्रामीण शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार तक ग्रामीणों की आवाज मजबूती से पहुंचाई जाएगी और सड़क निर्माण की ठोस कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान संघर्ष समिति अध्यक्ष पूर्व कैप्टन रतन सिंह दानू, सचिव करम सिंह दानू, संरक्षक चरण सिंह बघरी, उपाध्यक्ष शेर सिंह दानू, गजेंद्र सिंह धामी, मधन सिंह धामी, रमा देवी, तारा धामी, मोहनी देवी, गोबिंदी देवी सहित फुलवाड़ी, फुलाचौंरा, गोदियाधार, थलीधार, खाईंधार, सापुली, गुठण, ठांगधार और कर्मी के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।








