logo

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर आपदा पीड़ितों की अनदेखी का आरोप, विस्थापन की मांग उठाई

खबर शेयर करें -

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सरकार पर आपदा पीड़ितों की अनदेखी का आरोप, विस्थापन की मांग उठाई

बागेश्वर : नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आज जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने आपदा से जूझ रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति का जायजा लिया। आर्य ने कहा कि आपदा प्रभावितों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। संचार व्यवस्था ठप है, सड़कें और पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हैं, वहीं विद्युत आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित है। उन्होंने कहा कि सरकार इन हालातों को गंभीरता से नहीं ले रही है।

यह भी पढ़ें 👉  सावन में मीट की दुकानें खुलने पर विहिप और बजरंग दल का विरोध,हिंदुओं की आस्था का सम्मान करने की उठाई मांग

भ्रमण के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की आपदा प्रबंधन नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान आपदा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर मात्र 15 मिनट की चर्चा कर सरकार ने अपनी संवेदनहीनता जाहिर कर दी। आर्य ने आरोप लगाया कि अब तक आपदा पीड़ितों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है, जबकि इसकी सबसे ज्यादा आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वह इससे पहले पौसारी क्षेत्र का भी दौरा कर चुके हैं, जहां हालात बेहद दयनीय हैं। उन्होंने कहा कि जब तक आपदा प्रभावितों को सम्मानजनक तरीके से राहत सामग्री और सुविधाएं नहीं दी जाएंगी, उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। आर्य ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विस्थापन की आवश्यकता है। विशेष रूप से पौसारी और हड़बाड़ गांवों के लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर बसाया जाना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को लेकर सरकार से वार्ता करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कल से सेवा पखवाड़ा मनाने जा रही है, लेकिन जरूरत आपदा पखवाड़ा मनाने की है, ताकि आपदा पीड़ितों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान दिया जा सके और उन्हें न्याय मिल सके। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी,पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मंत्री राजेंद्र टंगड़िया, सुनील भंडारी,विनोद पाठक आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp