कांडा-रावतसेरा-बासपटान सड़क खस्ताहाल, आंदोलन की चेतावनी
चातुर्मास से पहले सड़क दुरुस्त नहीं हुई तो होगा चक्काजाम
कांडा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित कांडा-रावतसेरा-बासपटान मोटर मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि रावत ने सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि चातुर्मास शुरू होने से पहले मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी आंदोलन और चक्काजाम के लिए बाध्य होंगे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य का कहना है कि कमस्यार घाटी की लाइफलाइन मानी जाने वाली यह सड़क सामरिक और जनसुविधा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह मार्ग बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जनपदों को जोड़ने का प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पस्टयारी से डोबरगाड़ा धारी तक कई स्थानों पर सड़क की सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जबकि सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों में दुर्घटना की आशंका को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो सकती है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाएगा। उन्होंने विभाग से तत्काल सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।
इस मामले में पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता उमेश कुमार ने बताया कि सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश कनिष्ठ अभियंता (जेई) को दे दिए गए हैं। जल्द मौका मुआयना कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने विभाग से जल्द कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग उठाई है।








