बागेश्वर। मुख्य विकास अधिकारी के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में आरसेटी बागेश्वर द्वारा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 दिवसीय जूट बैग उत्पाद आधारित तथा 12 दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। कार्यक्रम का उद्घाटन परियोजना निदेशक डीआरडीए बागेश्वर की परियोजना निदेशक शिल्पी पंत और आरसेटी निदेशक सुखविंद्र ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिन्हें जूट बैग निर्माण और मोमबत्ती बनाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे अपने स्तर पर रोजगार शुरू कर सकें और परिवार की आय में वृद्धि कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण के साथ-साथ विपणन और स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं। आरसेटी निदेशक ने प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे आसानी से अपना उद्यम स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर आरसेटी और एनआरएलएम के स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।








