लोकसंस्कृति, अनुशासन और बहुमुखी प्रतिभा का भव्य मंच बना वार्षिकोत्सव
बागेश्वर। जिम कार्बेट इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘आरोहण’ भव्य और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक पार्वती दास एवं नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम स्थल विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया।
विधायक पार्वती दास ने कहा कि बच्चों के चारित्रिक, बौद्धिक और चहुंमुखी विकास के लिए इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत प्रेरणादायक होते हैं। ऐसे मंच बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर आज केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि शिक्षा और संस्कारों का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। विधायक ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
सांस्कृतिक विविधता की दिखी झलक
‘आरोहण’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक एकता और विविधता को मंच पर जीवंत कर दिया। छात्र-छात्राओं ने कुमाऊनी, गढ़वाली, राजस्थानी, बंगाली, उड़िया और जौनसारी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही ताइक्वांडो के अनुशासित प्रदर्शन और कुमाऊनी फास्फाइड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और भाव-भंगिमाओं ने दर्शकों को तालियों के लिए मजबूर कर दिया।

शिक्षा के साथ संस्कारों का संदेश
कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के प्रबंधक शशिकांत नेगी ने विद्यालय की वर्षभर की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक और खेल गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरन कपिल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आरोहण विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का उत्सव है। यह मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी,अर्जुन भट्ट,मुख्य शिक्षाधिकारी विनय कुमार,वंदना धामी,अक्षित जखवाल,विजय गड़िया,दीपक रौतेला, राजू नेगी, योगेश धपोला, महेश नगरकोटी, रविन्द्र बोहरा,किशोर कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयासों को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम का संचालन दिव्यांशी पालनी और रोशन दानू ने कुशलतापूर्वक किया। समापन अवसर पर ‘आरोहण’ ने यह संदेश दिया कि संस्कृति, शिक्षा और अनुशासन के समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।








