होटल प्रतीक्षा के पास पेड़ गिरने से लगा जाम, गरुड़ फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
बागेश्वर। बारिश के बीच कौसानी मार्ग पर होटल प्रतीक्षा के पास अचानक विशाल पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। पेड़ के मुख्य सड़क पर गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही गरुड़ फायर रेस्क्यू यूनिट मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका।
फायर स्टेशन गरुड़ को सूचना मिली थी कि होटल प्रतीक्षा कौसानी के निकट मुख्य मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ गिर गया है। सूचना मिलते ही फायर रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जवानों ने आधुनिक वुडन कटर की मदद से पेड़ को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से लकड़ी को सड़क किनारे हटाया गया और मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया गया।
पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिली। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने फायर सर्विस की तत्परता की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मार्गदर्शन में बारिश के मौसम को देखते हुए फायर सर्विस और रेस्क्यू टीमें अलर्ट पर हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना देने को कहा गया है।







