ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच के साथ बांटी गईं दवाइयां, ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौरा की ओर से ग्राम डुंगरी में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य, योग, डिजिटल प्रकृति परीक्षण एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 34 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया गया।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में आयोजित शिविर में ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह रौतेला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। इसके साथ ही आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण और योगाभ्यास सत्र भी आयोजित किए गए।
इस दौरान ग्रामीणों को आयुर्वेद की महत्वपूर्ण अवधारणाओं दिनचर्या, ऋतुचर्या और आहार-विहार की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित पोषण, स्वच्छता बनाए रखने और नशामुक्ति के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर में डिजिटल प्रकृति परीक्षण के माध्यम से ग्रामीणों की शारीरिक प्रकृति का आकलन कर उन्हें स्वास्थ्य एवं जीवनशैली संबंधी परामर्श दिया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौरा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, फार्मेसी अधिकारी नीलम खत्री, योग अनुदेशक बालकृष्ण और योग अनुदेशक प्रीति फर्स्वाण ने शिविर में सेवाएं प्रदान कीं।
आयोजकों ने ग्रामीणों से आयुर्वेद और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नियमित दिनचर्या अपनाने की अपील की। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के साथ पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और योग के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।







