बागेश्वर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 30 जुलाई को जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार, 30 जुलाई को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अनूपा पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।








