गरुड़ (बागेश्वर)। विकासखंड के अंतिम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पय्या से दाबू हड़ाप मोटर मार्ग के स्टेज-I एवं II का विधिवत भूमि पूजन किया गया। 9.50 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 15 करोड़ 29 लाख 78 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, गरुड़ ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा तथा विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास विशिष्ट रूप से मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम में पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
ग्रामीणों ने सड़क को स्वीकृति दिलाने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, सांसद अजय टम्टा तथा विधायक बागेश्वर पार्वती दास का आभार जताया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में भी बड़ी सुविधा मिलेगी। दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला यह मोटर मार्ग क्षेत्र के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंडल सिंह राणा, डॉ. गोपाल किरमोलिया, जेसी आर्य, मोहन सिंह, मनोज कुमार, अनिता आर्या, धनुली देवी सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








