नैनीताल। पर्वतीय क्षेत्रों के भ्रमण पर आए गाजियाबाद के छात्रों से भरा एक टेम्पो ट्रैवलर रविवार शाम भीमताल के समीप बोहराकून क्षेत्र में गहरी खाई में गिर गया। हादसे के समय वाहन में कुल 26 छात्र सवार थे, जिनमें से पांच छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल जनपद के भीमताल क्षेत्र अंतर्गत बोहराकून गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एक्सटेंशन मार्ग) पर एनसीआर क्षेत्र से आया टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर लगभग 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद वाहन खाई में एक स्थान पर अटक गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद भीमताल पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने ह्यूमन चेन बनाकर तथा रस्सियों की सहायता से घायलों को खाई से बाहर निकाला।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पांच छात्रों को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से भीमताल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। अन्य छात्रों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिए गए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते रेस्क्यू किए जाने से बड़ा हादसा टल गया।








