logo

शस्त्रों से मशीनों तक, जिलेभर में गूंजे विश्वकर्मा पूजा के मंत्र

खबर शेयर करें -

पुलिस लाइन, आइटीआइ, कारखानों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से हुआ पूजन

बागेश्वर। शिल्प और तकनीक के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। पुलिस लाइन से लेकर आइटीआइ, कारखानों, कार्यशालाओं और विभिन्न प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने अपने काम में इस्तेमाल होने वाले औजारों, मशीनों, वाहनों और उपकरणों का पूजन कर सुख-समृद्धि और कार्यों में सफलता की कामना की।

पुलिस लाइन बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने शस्त्रागार, परिवहन शाखा और राजकीय कार्यशालाओं में शस्त्रों, राजकीय वाहनों, आपदा राहत उपकरणों और संचार प्रणालियों का विधि-विधान से पूजन किया। आचार्य के वेद मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों का शुद्धीकरण कर तिलक लगाया गया और कलावा बांधा गया। इसके बाद राजकीय वाहनों और आपदा प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की आरती उतारी गई।

यह भी पढ़ें 👉  हिंदी दिवस पोथिंग में विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों और फायर स्टेशनों में भी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। फायर सर्विस कर्मियों ने जीवन रक्षक उपकरणों और फायर टेंडरों का पूजन कर आपदा व आपात स्थिति में जन-धन की रक्षा की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  लीती से नंदा कुंड के लिए रवाना हुई पावन जात यात्रा, 21 यात्री हुए शामिल

तकनीकी संसाधनों की उपयोगिता का संदेश

एसपी जितेंद्र मेहरा ने कहा कि पुलिस के दैनिक कार्यों में शस्त्रों, वाहनों और तकनीकी उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वकर्मा पूजा का पर्व सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने के साथ ही पुलिसकर्मियों को अपनी तकनीकी और शारीरिक क्षमताओं को चुस्त-दुरुस्त रखने की प्रेरणा देता है।

यह भी पढ़ें 👉  स्वर्ण समाज के संगठन गठन को लेकर बाबा बागनाथ मंदिर में बैठक, आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठी मांग

उधर, आइटीआइ कांडा, कमेड़ी देवी समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर भी विश्वकर्मा जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कल-कारखानों और कार्यशालाओं में मशीनों व औजारों की पूजा-अर्चना की गई। राजमिस्त्रियों ने भी अपने काम में प्रयुक्त औजारों का पूजन कर भगवान विश्वकर्मा को भोग लगाया।

नरेंद्र पैलेस और बागनाथ प्रेस में भी विश्वकर्मा जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान दलीप सिंह खेतवाल, नरेंद्र सिंह खेतवाल समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp