बागेश्वर : जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा के नेतृत्व में शामा मुख्यालय स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने दुकान में तालाबंदी कर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान रातिर-केठी, मलखा-डुंगरचा, कीमू और गोगिना गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर शराब के विरोध में नारेबाजी की और मुख्यालय तक विशाल रैली निकाली।
महिलाओं का कहना था कि शराब की दुकान से क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब का सेवन, दुकानों में खुलेआम शराब की बिक्री और जुआ खेलने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में शराब की बिक्री और इससे जुड़े अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो वे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगी। साथ ही सामाजिक स्तर पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब सेवन, दुकानों में शराब बिक्री और जुआ खेलने पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाए जाने की भी बात कही गई।
जिला पंचायत सदस्य विजया कोरंगा ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं की मांग जायज है और प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करना चाहिए।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी, ग्राम प्रधान गोगिना संजय कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कीमू उत्तम सिंह दानू सहित चार गांवों के महिला मंगल दलों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।








