बागेश्वर।। राष्ट्रीय आपातकालीन हेल्पलाइन डायल-112 पर फर्जी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक युवक को भारी पड़ गया। मंडलसेरा निवासी नवीन सिंह पुत्र मदन सिंह ने डायल-112 पर फोन कर पहले साथी के साथ मारपीट होने की सूचना दी। इसके कुछ ही देर बाद उसने साथी की हत्या किए जाने की सूचना देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।
हत्या की सूचना मिलते ही कोतवाली बागेश्वर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच की तो वहां न तो मारपीट की घटना सामने आई और न ही हत्या की कोई पुष्टि हुई। जांच में युवक द्वारा दी गई हत्या की सूचना पूरी तरह फर्जी पाई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, फर्जी सूचना देकर आपातकालीन सेवा को गुमराह करने और पुलिस का समय बर्बाद करने के मामले में नवीन सिंह का उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धाराओं के तहत चालान किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायल-112 आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए है। इसका दुरुपयोग कर झूठी या भ्रामक सूचना देने से पुलिस के संसाधन वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचने में प्रभावित हो सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन हेल्पलाइन पर फर्जी सूचना देने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







