देहरादून। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर देहरादून में आंदोलन कर रहे प्रदेश के कर्मचारियों के समर्थन में कपकोट के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण भी पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को जायज बताते हुए संघर्ष में अपना समर्थन दिया।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग केवल कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा प्रदेश और देश की सेवा में समर्पित करता है, उसे सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन मिलना उसका अधिकार है।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के लिए कोई खैरात नहीं, बल्कि उनका हक है। सरकार को कर्मचारियों की जायज मांग को गंभीरता से लेते हुए पुरानी पेंशन योजना की बहाली की दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
फर्स्वाण ने कहा कि देहरादून में अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे प्रदेशभर के कर्मचारियों के साथ वह मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की इस लड़ाई में उनकी आवाज को समर्थन मिलता रहेगा और सरकार तक उनकी मांग को पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की।







