logo

एनपीएस-यूपीएस के विरोध में कर्मचारियों ने मनाया काला दिवस, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

खबर शेयर करें -

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बागेश्वर में निकाली पुतला यात्रा, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बागेश्वर। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) के आह्वान पर एनपीएस लागू होने की तिथि के विरोध में शिक्षक-कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया। बागेश्वर, कपकोट और गरुड़ विकासखंड के शिक्षक-कर्मचारी संयुक्त रूप से आंदोलन में शामिल हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने एनपीएस, यूपीएस और टीईटी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों ने दीप पैलेस के पास से पुतला यात्रा निकाली। यात्रा तहसील रोड, गोमती पुल, एसबीआई तिराहा, माल रोड, पुराने सरयू पुल और दुग बाजार होते हुए नुमाइशखेत मैदान पहुंची। यहां कर्मचारियों ने रावण रूपी पुतले का दहन किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों में लंबे समय से असंतोष है। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संगठन लगातार आंदोलन कर रहा है।
जिलाध्यक्ष प्रदीप गढ़िया ने कहा कि कर्मचारियों की मांग लंबे समय से लंबित है। सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
पुतला दहन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Share on whatsapp