बागेश्वर: जनपद में कल हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। जोलगांव के प्रगतिशील किसान दीप पांडे की खेती इस प्राकृतिक आपदा में बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। दीप पांडे ने बताया कि उनके बगीचे में उगाई गई सब्जियां, फल और फूल पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं। ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि तैयार फसल को संभालने का कोई मौका नहीं मिला और देखते ही देखते पूरी मेहनत बर्बाद हो गई। उन्होंने बताया कि वे हर महीने हजारों रुपये की सब्जियां बाजार में बेचते थे और खेती ही उनकी मुख्य आय का प्रमुख साधन है। इस नुकसान के बाद अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दीप पांडे क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों में गिने जाते हैं, जो आधुनिक खेती के जरिए अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बने हुए थे, लेकिन इस आपदा ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया है। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों का सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें इस नुकसान से उबरने में मदद मिल सके। वहीं किसान दीप पांडे ने भी सरकार से सहायता की अपील की है, ताकि वे दोबारा खेती शुरू कर सकें। वहीं मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती ने बताया कि विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।








