बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील मे बैजनाथ के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पिलर से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा युवक मामूली रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात चनोली निवासी कमलेश कुमार (35) पुत्र गोविंद राम अपने साथी नरेंद्र कुमार (30) पुत्र नंदन प्रसाद के साथ बाइक संख्या यूके 04-एक्यू- 0349 से बैजनाथ से अपने घर लौट रहे थे। फायर स्टेशन पुरड़ा के समीप तेज रफ्तार के कारण चालक कमलेश कुमार बाइक से संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क किनारे बने पिलर से जा टकराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमलेश कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि नरेंद्र कुमार को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक कमलेश कुमार तहसील गरुड़ के समीप सीएससी सेंटर का संचालन करते थे। वह कंप्यूटर कार्यों में दक्ष और व्यवहार कुशल होने के कारण क्षेत्र में अच्छी पहचान रखते थे। उनके असामयिक निधन से चनोली सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








