बागेश्वर। जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों ने आज जिलाधिकारी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, जंगली जानवरों के बढ़ते हमले, खराब एवं जर्जर सड़कों की स्थिति तथा सड़क निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कठिनाइयों का सामना कर रही है। कई स्थानों पर पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है।
जंगली जानवरों का बढ़ता आतंक
कांग्रेस नेताओं ने जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आए दिन ग्रामीणों की फसलें नष्ट हो रही हैं और कई क्षेत्रों में लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु वन विभाग एवं प्रशासन से ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
खराब सड़कों और भ्रष्टाचार के आरोप
ज्ञापन में जिले की कई प्रमुख एवं ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा गया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ सड़कों के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। जनता की आवाज को नजरअंदाज न करने की अपील। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला, गोपा धपोला, लोकमणि पाठक एवं बालकृष्ण प्रमुख रूप से शामिल रहे।








