अजीत डोभाल पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, राष्ट्रहित को दलगत राजनीति से ऊपर रखने की कही बात
बागेश्वर, संवाददाता। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राहुल गांधी के बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बागेश्वर के कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष आदर्श कठायत के नेतृत्व में प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी आलोचना की।
प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि अजीत डोभाल ने देश की सुरक्षा, सामरिक रणनीति और राष्ट्रीय हितों की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे व्यक्तित्वों को लेकर बयान देने से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों की गंभीरता और शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
जिला अध्यक्ष आदर्श कठायत ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राष्ट्रहित और देश की सुरक्षा सर्वोपरि हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के सम्मान और राष्ट्रीय हितों से जुड़े मुद्दों पर सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रहित, राष्ट्रीय गौरव और देश की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सदैव मुखर रहा है। राष्ट्र के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर कथित गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर राहुल गांधी के बयान के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया और राष्ट्रहित को दलगत राजनीति से ऊपर रखने का संदेश दिया।







