–
– प्रदेशभर से 240 से अधिक बाल वैज्ञानिक करेंगे प्रतिभाग, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
–
बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले पंचम सीमान्त पर्वतीय जनपद विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। विज्ञान महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए 240 से अधिक बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग करेंगे। महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महोत्सव का उद्देश्य सीमांत एवं पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ ही उनकी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना है। आयोजन में विद्यार्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े विभिन्न मॉडलों, परियोजनाओं और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यूकॉस्ट के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने बताया कि सीमान्त पर्वतीय जनपदों में विज्ञान महोत्सव का आयोजन बच्चों को विज्ञान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की क्षमता को प्रोत्साहित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। वहीं वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह रावत ने बताया कि महोत्सव में विद्यार्थियों को विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे प्रयोग और नवाचार के माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा। विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों में प्रतिभाग करने से बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। महोत्सव में प्रदेशभर से पहुंचने वाले बाल वैज्ञानिक अपने वैज्ञानिक मॉडल, प्रोजेक्ट और नवाचार प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही विज्ञान आधारित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
240 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी और मुख्यमंत्री के शुभारंभ के चलते विज्ञान महोत्सव को लेकर जिले में खासा उत्साह बना हुआ है।







