logo

जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव में चमकी बच्चों की प्रतिभा,36 बाल वैज्ञानिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर में विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की जिज्ञासा और नवाचार को मंच देने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में संपन्न हुआ। यह आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उत्तराखंड, समग्र शिक्षा तथा जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 10 अक्टूबर को किया गया। इस अवसर पर विकास खंड कपकोट, गरुड़ और बागेश्वर से चयनित बाल वैज्ञानिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य दीप चंद्र जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करते हैं, बल्कि उनके भीतर नवाचार और अनुसंधान की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। महोत्सव में दो प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया — विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान ड्रामा। विज्ञान प्रदर्शनी में कुल सात उप-विषयों पर जूनियर और सीनियर वर्ग के छात्रों ने अपने मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण और आधुनिक तकनीक से जुड़े मॉडलों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने नवाचार, वैज्ञानिकता, प्रस्तुति और व्यवहारिक उपयोगिता के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं अब राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  कपकोट में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश तेज

विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता में छात्रों ने विज्ञान और समाज से जुड़े विषयों को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया। इंटर कॉलेज कोइराली की टीम ने शानदार प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान हासिल किया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ की टीम द्वितीय और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट की टीम तृतीय स्थान पर रही। दर्शकों और निर्णायकों ने बच्चों की संवाद अदायगी और विषय चयन की सराहना की।

यह भी पढ़ें 👉  इण्डोर स्टेडियम बागेश्वर में 1 जून से सजेगा 'विशेष बाल योग संस्कार शिविर,बच्चों को सिखाए जाएंगे जीवन जीने के गुर

इस प्रतियोगिता में चयनित कुल 36 बाल वैज्ञानिक तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षक अब राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव में जनपद बागेश्वर का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजकों ने कहा कि यह बच्चों के लिए बड़ा अवसर है, जिससे उनकी वैज्ञानिक समझ, प्रस्तुति कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। प्रतियोगिता का संचालन सहायक अध्यापक संगम शाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिनमें अतुल लोहरानी, सोनिया गौरव, दीपा उपाध्याय, कविता हारकोटिया, बबीता असवाल, विजेंद्र पांडे, हेरेंद्र रावल, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, गरिमा शाह, मीनू चौन्याल, पंकज शाह, श्वेता जोशी, ममता पुरोहित सहित कई शिक्षक शामिल थे। सभी ने प्रतिभागी छात्रों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें 👉  अल्मोड़ा मैग्नेसाइट कंपनी के कर्मचारियों का प्रदर्शन, ई रमन्ना खोलने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे

आयोजन के अंत में निर्णायकों और अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव बच्चों में वैज्ञानिक अभिरुचि, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों के छात्र भी अपनी प्रतिभा और लगन के बल पर बड़े मंचों पर चमक सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp