बागेश्वर : आज राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर में बाल मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रकार के स्थानीय व्यंजनों एवं उत्पादों आदि के स्टाल लगाए गए तथा छात्र-छात्राओं के मध्य विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजीव निगम तथा वरिष्ठ शिक्षक मोहन सिंह रौतेला द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रधानाचार्य निगम ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह जनौटी, क्विज प्रतियोगिता का संचालन कैलाश कुमार मेहता एवं विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का संचालन शिक्षिका डॉली जोशी ने किया। इस अवसर पर कैलाश चंद,बलवीर सिंह बिष्ट, किरन प्रसाद, उमेश चंद्र, दिग्विजय कुमार, पंकज कुमार, अंजलि पालीवाल,चंपा रौतेला, अर्जुन सिंह भाकुनी सहित अनेक शिक्षक -शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।








