बागेश्वर: जनपद के प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग रूट पर लापता हुए पर्यटक की तलाश में बागेश्वर पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार सघन अभियान चला रही हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस द्वारा आधुनिक संसाधनों की मदद से खोज अभियान को तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी पर्यटक अभिषेक चौहान 28 मई 2026 को पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग के लिए गए थे। 29 मई को दोपहर वापसी के दौरान खाती गांव से करीब 7–8 किलोमीटर पहले छिल्याणी गधेरे के पास वह अचानक लापता हो गए। इस संबंध में उनके पोर्टर/गाइड द्वारा खाती गांव पहुंचकर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सघन खोजबीन अभियान शुरू कर दिया। परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर 1 जून 2026 को थाना कपकोट में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में लापता पर्यटक की तलाश के लिए तत्काल सात टीमों का गठन किया गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा मैन्युअल सर्च के साथ-साथ दूरबीन और अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से पिंडर नदी, गहरी खाइयों तथा आसपास के दुर्गम और संभावित घटनास्थलों की लगातार जांच की जा रही है।
मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए 12 जून 2026 को थाना कपकोट में गुमशुदगी को मुकदमा अपराध संख्या 38/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
शनिवार को पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने वाछम पुल से सोराग पुल तक नदी किनारे के क्षेत्रों, प्राकृतिक गुफाओं और अन्य संवेदनशील स्थानों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और गाइडों से पूछताछ कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
बागेश्वर पुलिस ने बताया कि पर्यटक की तलाश के लिए हर संभावित स्थान पर लगातार खोज अभियान जारी है और मामले में गहन जांच की जा रही है।








