बागेश्वर। आयुक्त एवं अपर आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के क्रम में जनपद बागेश्वर में “स्प्यूरियस एवं अधोमानक दवाइयों की रोकथाम” अभियान के तहत सघन कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा बागेश्वर स्थित केंद्रीय औषधि भंडार एवं राजकीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छह दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य विश्लेषण शाला भेजे।
निरीक्षण के दौरान औषधि निरीक्षक ने केंद्रीय औषधि भंडार के कार्मिकों को दवाओं के उचित भंडारण, रखरखाव एवं वितरण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दवा की गुणवत्ता पर संदेह होने की स्थिति में तुरंत औषधि प्रशासन को सूचना दी जाए।
पूजा रानी ने बताया कि एनएसक्यू (Not of Standard Quality) एवं स्प्यूरियस (नकली) दवाओं की रोकथाम औषधि प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दवाएं न केवल मरीजों और पशुओं के स्वास्थ्य के लिए घातक होती हैं, बल्कि चिकित्सा व्यवस्था पर लोगों के विश्वास को भी कमजोर करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अधोमानक और नकली दवाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।








