बागेश्वर। बिहार में भाजपा को मिली जीत का जश्न शुक्रवार को बागेश्वर में भी देखने को मिला। जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसबीआई तिराहे पर एकत्र होकर मिष्ठान वितरण किया और एक-दूसरे का मुंह मीठा कर बधाई दी। इस दौरान पार्टी कार्यालय से लेकर बाजार क्षेत्र तक उत्साह का माहौल दिखा।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया ने किया। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के परिणाम देश में हो रहे विकास कार्यों, सुशासन और मजबूत नेतृत्व की पुनः पुष्टि करते हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व केंद्र सरकार के विकास मॉडल पर जनता के भरोसे का प्रमाण है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार की यह जीत सिर्फ राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि विकास की राजनीति की जीत है। जनता ने फिर साबित किया है कि राष्ट्रहित और प्रगति के मुद्दों पर उसका विश्वास मोदी जी के नेतृत्व में है।
कार्यकर्ताओं ने तिराहे पर देशभक्ति के नारे लगाए और ढोलक की थाप पर नाच कर उत्साह व्यक्त किया। कई कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार का जनादेश आगामी राजनीतिक माहौल को दिशा देगा और विकास आधारित राजनीति को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में महामंत्री संजय परिहार, दीपक घस्याल आदर्श कथायत, खड़क टंगड़िया, धीरेन्द्र परिहार, मनोज बचखेती, मथुरा प्रसाद, दयाल पांडे, विवेक तिवारी, दीपक खेतवाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का जो संकल्प लिया है, उसी का परिणाम इस तरह की विजय के रूप में सामने आ रहा है।
कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और कार्यकर्ताओं ने भविष्य में भी पार्टी की नीतियों व योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।








