बागेश्वर,
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्यक्रम को समयबद्ध ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने, पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने तथा पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 02 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन, 12 नवंबर को एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मदन राम आगरी, कांग्रेस के प्रतिनिधि गणेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







