जिला मुख्यालय से महज दो किमी दूर द्यांगण गांव में वारदात, छह माह पहले बोलेरो भी हुई थी चोरी
बागेश्वर। जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर स्थित द्यांगण गांव में बेखौफ चोरों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए सीसीटीवी कैमरे के सामने से बाइक चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और पुलिस व्यवस्था को लेकर आक्रोश है।
द्यांगण निवासी सूरज कठायत की पल्सर-180 बाइक को चोरों ने देर रात निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक पहले बाइक से मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने आसपास की रेकी की और मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद रहे कि उन्हें सीसीटीवी कैमरे का भी कोई डर नहीं था।
छह माह पहले भी हुई थी बोलेरो चोरी
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब छह माह पहले भी द्यांगण गांव से एक बोलेरो वाहन चोरी हो चुका है। जिला मुख्यालय और कोतवाली के बेहद नजदीक लगातार चोरी की घटनाएं होने से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर चोरी हुई बाइक जल्द बरामद करने की मांग की है। उनका कहना है कि मुख्यालय के आसपास ही यदि चोर इस तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो दूरस्थ क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने न सिर्फ चोरी हुई बाइक बरामद करने, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय चोरों का पता लगाकर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की चुनौती है।







