logo

यूथ इंडिया एकेडमी की बड़ी उपलब्धि,अग्निवीर भर्ती में 55 से अधिक युवा चयनित, क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। सेना भर्ती की तैयारी करा रही जिले की प्रतिष्ठित यूथ इंडिया एकेडमी ने एक बार फिर अपनी क्षमता और गुणवत्ता का प्रमाण दिया है। सेवानिवृत्त कैप्टन नारायण सिंह के निर्देशन में संचालित यह निःशुल्क प्रशिक्षण अकादमी वर्ष 2017 से अब तक सैकड़ों युवाओं को सैन्य सेवाओं के लिए तैयार करती आई है। इस वर्ष आर्मी अग्निवीर भर्ती में अकादमी के 55 से अधिक युवाओं के फाइनल चयन ने न केवल जिले, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार को चयनित युवा जब अकादमी पहुँचकर कैप्टन के साथ अपनी खुशी साझा कर रहे थे, तो मैदान में उत्साह, गर्व और उपलब्धि का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कैप्टन नारायण सिंह ने इस सफलता को युवाओं की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ का युवा हमेशा से अनुशासित और कठिन परिश्रम करने वाला रहा है, बस उसे सही दिशा और अवसर देने की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती में इतने बड़े स्तर पर चयन होना यह दर्शाता है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और योग्य प्रशिक्षण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। यह उपलब्धि सिर्फ युवाओं की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है जो हमेशा हमारा हौसला बढ़ाता रहा है। कैप्टन ने चयनित सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए परिवारों को भी बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित ज़िला पंचायत सदस्य नवीन परिहार ने भी यूथ इंडिया एकेडमी के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अकादमी ने बीते वर्षों में पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है। नवीन परिहार ने कहा कि कैप्टन नारायण सिंह द्वारा संचालित यह संस्था बिना किसी शुल्क के जिस समर्पण के साथ प्रशिक्षण देती है, वह पहाड़ के युवाओं के लिए एक अमूल्य वरदान है। अग्निवीर भर्ती में 55 से अधिक युवाओं का चयन यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और अनुशासन के साथ हमारे बच्चे किसी भी प्रतियोगिता में सफल हो सकते हैं। उन्होंने चयनित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ दीं। युवा अभ्यर्थियों ने बताया कि अकादमी में सुबह से लेकर देर शाम तक चलने वाली दौड़, शारीरिक अभ्यास, लिखित तैयारी और मानसिक अनुशासन ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सक्षम बनाया। ग्रामीण क्षेत्रों से आए इन युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मार्गदर्शन, कठोर प्रशिक्षण और कैप्टन नारायण सिंह के प्रेरणादायी नेतृत्व को दिया। कार्यक्रम के दौरान मैदान में चयनित युवाओं के चेहरे पर उमंग साफ झलक रही थी। परिजनों व स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। पहाड़ जैसे सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में चयन होना एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। वही अकादमी से जुड़े स्थानीय चंदन परिहार ने बताया कि अकादमी ने शुरुआत से ही यह संकल्प लिया है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी सैन्य सेवाओं में जाने के बराबर अवसर मिल सकें। यही वजह है कि आज यूथ इंडिया एकेडमी पहाड़ में युवाओं के लिए उम्मीद,अनुशासन और सफलता की मजबूत पहचान बन चुकी है।

Share on whatsapp