बागेश्वर। जनपद की दो प्रतिभाशाली बालिकाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपना हुनर दिखाने के लिए तैयार हैं। बागेश्वर की वर्षा आर्य और खुशबू आर्या का चयन बालिका राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बागेश्वर में अध्ययनरत हैं और अब उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह प्रतियोगिता 22 नवंबर से धीमापुर, नागालैंड में आयोजित की जाएगी। 5 और 6 नवंबर को रुद्रपुर में हुए चयन ट्रायल में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड टीम में जगह बनाई। टीम के कोच नीरज पांडेय ने बताया कि दोनों खिलाड़ी लंबे समय से नियमित अभ्यास कर रही हैं, और उनका चयन जिले के लिए गर्व की बात है।
वर्षा और खुशबू के चयन पर विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, जिला खेल अधिकारी गुंजन बाला, समिति अध्यक्ष सुंदर रावल, सचिव ललित कनवाल, सूरज जोशी, दिलीप मेहरा, महिपाल गाड़िया, सुंदर गाड़िया, गणेश धपोला, गीता कोरंगा, विजय रावत, नवीन रावल, कविता खेतवाल व गरिमा आदि ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








