बार एसोसिएशन और विधायक प्रतिनिधि ने जताई नाराजगी, जल्द बरामदगी की मांग को लेकर एसबीआई तिराहे पर प्रदर्शन
बागेश्वर। पूर्व नगरपालिका सभासद एवं अधिवक्ता धीरेंद्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार की तलाश में हो रही देरी को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एसबीआई तिराहे पर व्यापारियों, अधिवक्ताओं, स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बार एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए अधिवक्ता की जल्द बरामदगी की मांग उठाई।
बार एसोसिएशन के राजेश रौतेला ने कहा कि एक अधिवक्ता का इस तरह लापता होना बेहद गंभीर मामला है। परिवार पिछले कई दिनों से परेशान है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता समझते हुए जांच में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और धीरेंद्र की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
वहीं विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास ने कहा कि यह आक्रोश किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि एक परिवार के दर्द और जनता की चिंता का प्रतीक है। एक मां लगातार अपने बेटे की तलाश में गुहार लगा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिलना चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से धरना स्थल पर आकर अब तक की कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की। कहा कि अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
गौरतलब है कि तल्ली बाजार निवासी धीरेंद्र परिहार 17 अक्टूबर 2026 की शाम घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। उनकी स्कूटी नुमाइश मैदान में चिल्ड्रेन पार्क के पास लावारिस मिली थी। मोबाइल की अंतिम लोकेशन नुमाइशखेत के आसपास मिली थी। उनकी मां नंदी परिहार की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 79/26 दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित की हैं। प्रदर्शनकारियों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तलाश तेज करने की मांग की।







