68.63 करोड़ की पेयजल योजना की निविदा जारी
बागेश्वर। नगर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 68.63 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नगरीय पेयजल योजना की निविदा आमंत्रित कर दी गई है। विश्व बैंक पोषित यूईडब्ल्यूएसपी कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड पेयजल निगम योजना का निर्माण करेगा।
योजना के तहत इनफिल्ट्रेशन वेल, ड्राई इनटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पंप हाउस, क्लियर वाटर सम्प, नई राइजिंग मेन, सप्लाई व फीडर मेन तथा वितरण प्रणाली से जुड़े कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा टॉप रिजर्वायर से सर्विस रिजर्वायर तक जलापूर्ति व्यवस्था और विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम भी प्रस्तावित है।
योजना की निर्माण और कमीशनिंग अवधि 18 माह निर्धारित की गई है। इसके बाद 84 माह तक संचालन एवं अनुरक्षण का प्रावधान रखा गया है। योजना के पूरा होने से नगर की पेयजल आपूर्ति क्षमता बढ़ने और वितरण व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
बागेश्वर विधायक पार्वती दास ने योजना को नगर की पेयजल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मजबूत पेयजल व्यवस्था आवश्यक है। योजना से नगरवासियों को नियमित और बेहतर पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।






