बागेश्वर: पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद स्तर पर चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत थाना काण्डा पुलिस ने राजकीय महाविद्यालय काण्डा में एंटी रैगिंग एवं एंटी ड्रग्स जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में करीब 80 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी के दौरान पुलिस टीम ने युवाओं में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति, उसके दुष्प्रभाव, तथा नशा उन्मूलन के प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्रों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए नेशनल नार्कोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी भी साझा की गई।
इसके साथ ही छात्रों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए विशेष रूप से नाबालिगों को वाहन न चलाने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में नए कानूनों, उत्तराखण्ड पुलिस ऐप, गौरा शक्ति ऐप, महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न तथा बच्चों से संबंधित विधिक प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए छात्रों को किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी थाने में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
अंत में छात्रों को डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपयोगिता के बारे में बताया गया।








